गोरखपुर : बेसिक
शिक्षा सचिव संजय सिन्हा ने मंगलवार को बीएसए कार्यालय में मंडल भर के जिला बेसिक शिक्षा
अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आधार कार्ड, मानव संपदा, पदोन्नति, स्थानांतरण और समायोजन की नई नीति आदि योजनाओं
की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि जुलाई के अंत तक हर हाल में
प्रत्येक छात्र का आधार कार्ड बनवा लें। इसमें कोई लापरवाही नहीं चलेगी।
बेसिक शिक्षा सचिव
ने कहा कि आधार कार्ड अनिवार्य है। उसके आधार पर ही अब छात्रों का पंजीकरण आदि
होना है। मध्याह्न भोजन योजना भी छात्रों के आधार कार्ड से जुड़ जाएगी। मानव संपदा
की गति धीमी होने पर उन्होंने नाराजगी भी जताई। कहा कि जून तक हर हाल में विभाग के
वेबसाइट पर शिक्षकों की कुंडली अपलोड करा दें। आने वाले दिनों में मानव संपदा के
तहत वेबसाइट पर अपलोड सेवा पुस्तिका के आधार पर ही शिक्षकों का वेतन आदि निर्धारित
किया जाएगा।
नई समायोजन नीति
के बारे में भी बताया और इसकी समीक्षा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिलों में शिक्षकों की संख्या, स्थानांतरण और पदोन्नति की प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने नए
शैक्षिक सत्र में पठन-पाठन की गुणवत्ता पर विशेष जोर देने तथा विद्यालयों में
शिक्षा का माहौल स्थापित करने को कहा।
विद्यालयों में छात्रों
की गिरती संख्या पर चिंता जताते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों से सचिव ने कहा
कि वे रोजाना कम से कम एक विद्यालय का निरीक्षण करें। गांवों में पहुंचे और चौपाल
लगाकर लोगों को जागरूक करें। विद्यालयों में समस्त अध्यापकों का नाम, पता और फोटो चस्पा कराना सुनिश्चित करें। सरकार
की योजनाएं प्रत्येक छात्रों तक पहुंचे, इसके लिए निगरानी बढ़ानी होगी।
इस मौके पर सहायक
शिक्षा निदेशक बेसिक (एडी बेसिक) डा. सत्य प्रकाश त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कुमार, सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक विवेक
जायसवाल, मध्याह्न भोजन के जिला समन्वयक दीपक पटेल आदि
मौजूद थे।
